जामुड़िया में जल्द शुरू होगा फायर स्टेशन का काम, विधायक सहित अधिकारियों ने लिया निर्माण स्थल का जायजा

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित फायर ब्रिगेड केंद्र का काम जल्द शुरू होगा। जिसको लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 14 के चाकदोला मोड़ स्थित निर्माण स्थल का जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ जायजा लिया। इस दौरान जमीन की स्थिति, प्रस्तावित केंद्र के लिए आवश्यक स्थान तथा बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।निरीक्षण के दौरान बीएलआरओ, अग्निशमन विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का मुआयना किया तथा फायर ब्रिगेड केंद्र के निर्माण के लिए आवश्यक जमीन एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विषयों की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्थल की स्थिति और उपलब्ध संसाधनों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड केंद्र की स्थापना की मांग लंबे समय से उठती रही है। औद्योगिक गतिविधियों और बड़ी संख्या में कारखानों, कोयला खदानों तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जाती रही है। किसी स्थान पर आग लगने की स्थिति में तत्काल दमकल सेवा उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय स्तर पर फायर ब्रिगेड केंद्र होने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जामुड़िया और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ बड़ी संख्या में आवासीय इलाके भी हैं। ऐसे में आगजनी की किसी घटना के दौरान दमकल की गाड़ियों को दूर के केंद्रों से पहुंचने में समय लग सकता है। चाकडोला मोड़ के आसपास प्रस्तावित केंद्र बनने से जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में आपात स्थिति के दौरान दमकल सेवा अपेक्षाकृत तेजी से उपलब्ध होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित फायर ब्रिगेड केंद्र के लिए जमीन की उपयुक्तता और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की। जमीन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं, स्थल तक पहुंचने के मार्ग, दमकल वाहनों के आवागमन तथा केंद्र के लिए जरूरी अन्य सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।विधायक ने कहा कि जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करने की दिशा में स्थल निरीक्षण एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रस्तावित केंद्र के लिए जमीन और अन्य आवश्यकताओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर आगे की प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों की ओर से जमीन और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रस्तावित फायर ब्रिगेड केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी और क्षेत्र में आपातकालीन अग्निशमन सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *