
रानीगंज। बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सही वजन सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को रानीगंज के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया गया। एनफोर्समेंट ब्रांच की टीम ने रानीगंज थाना के अधिकारियों के साथ मिलकर शहर के होटल, रेस्तरां, सब्जी मंडियों तथा चिकन-मटन समेत खाद्य सामग्री की विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान अधिकारी अलग-अलग दुकानों में पहुंचे और वहां ग्राहकों को परोसी जाने वाली तथा बिक्री के लिए रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया। होटल एवं रेस्तरां में भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री के रखरखाव और परिसर में स्वच्छता की स्थिति की भी जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों और कर्मचारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा ग्राहकों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं करने की हिदायत दी। जांच टीम ने सब्जी दुकानों में भी पहुंचकर वजन की जांच की।दुकानदार ग्राहकों को निर्धारित वजन के अनुरूप सब्जियां दे रहे हैं या नहीं, इसकी पड़ताल की गई। इसके साथ ही बिक्री के लिए रखी सब्जियों की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से सही वजन में सामान देने और ग्राहकों के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी नहीं करने की सलाह दी। इसी क्रम में टीम ने चिकन और मटन की दुकानों का भी निरीक्षण किया। वहां मांस की गुणवत्ता, रखरखाव और स्वच्छता की स्थिति देखी गई। दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी परिस्थिति में बासी या खराब चिकन-मटन की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बिक्री में लापरवाही सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। अभियान के दौरान केवल जांच तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही। एनफोर्समेंट ब्रांच के अधिकारियों ने होटल-रेस्तरां संचालकों, दुकानदारों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों को सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी। उन्हें बताया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सही वजन और सुरक्षित तरीके से खाद्य सामग्री के रखरखाव के नियमों का पालन करना आवश्यक है। अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि सरकारी दिशा-निर्देशों की अनदेखी अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदार या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना भी है।सरकार के निर्देश पर खाद्य सामग्री से जुड़ी दुकानों और प्रतिष्ठानों में इस तरह की जांच आगे भी जारी रहने की बात कही गई है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों से सहयोग करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं, आम लोगों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, साफ-सफाई और सही वजन पर ध्यान देने की अपील की गई।
