
आसनसोल। मीडिया जगत की समस्याओं और खासकर छोटे एवं मझोले समाचार पत्रों की मौजूदा चुनौतियों को लेकर मीडिया पर्सनेलिटी एवं इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल के चेयरमैन संजय सिन्हा ने पश्चिम बर्दवान जिले के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबालम से मुलाकात की।
जिलाधिकारी कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान संजय सिन्हा ने जिले के छोटे एवं मझोले स्तर के पत्रकारों और समाचार पत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद कई छोटे और मझोले समाचार पत्र आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से विज्ञापन नहीं मिलने के कारण अनेक अखबारों के सामने संचालन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि छोटे समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने के लिए राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला रखा जाए। उनका कहना था कि समय रहते सहायता नहीं मिली तो कई छोटे प्रकाशनों के बंद होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
संजय सिन्हा ने पत्रकारों के लिए उपलब्ध एवं प्रस्तावित सरकारी सहायता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा को लेकर प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन पत्रकारों के लिए प्रस्तावित मासिक भत्ते तथा आवासीय योजना जैसे विषयों पर भी शीघ्र पहल की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी एस. पोन्नाबालम ने संजय सिन्हा की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और छोटे समाचार पत्रों से संबंधित इन समस्याओं को राज्य सरकार के स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर संजय सिन्हा ने जिलाधिकारी एस. पोन्नाबालम को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया।
