
कोलकाता, 20 अगस्त 2026 — पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सेहत और सुरक्षित खानपान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हावड़ा, मालदा टाउन और सियालदह समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक औचक निरीक्षणों की श्रृंखला चलायी। महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय के निर्देश पर आयोजित इन निरीक्षणों में खाद्य तैयारी मानक, विक्रेताओं के नियमों का पालन और स्टेशन परिसरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया।

हावड़ा स्टेशन पर प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक/हावड़ा श्री राहुल रंजन ने खाद्य स्टॉलों और भोजन तैयार करने की प्रक्रियाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान माल, भंडारण व परसाधन (हाइजीन) संबंधी मानकों का पालन हो रहा है या नहीं यह जांचा गया और आवश्यक दिशा-निर्देश विक्रेताओं को दिए गए।

मालदा टाउन स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक/मालदा श्री कार्तिक सिंह ने खानपान इकाइयों व सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर यात्रियों के स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम करने पर जोर दिया। सियालदह स्टेशन में मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक/फ्रेट मार्केटिंग श्री पवन कुमार व वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक/सियालदह श्री सुनील कुमार महाला ने खानपान और स्वच्छता व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन किया तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश जारी किए।
पूर्व रेलवे ने कहा कि ये समन्वित निरीक्षण अभियानों का उद्देश्य प्रत्येक स्टेशन पर उच्च स्तरीय स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित कर यात्रियों को सुरक्षित व आरामदायक यात्रा प्रदान करना है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझी ने कहा, “पूर्व रेलवे सभी स्टेशनों पर स्वच्छता और खानपान की गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यात्रियों को उत्कृष्ट यात्रा अनुभव सुनिश्चित किया जा सके।”
