
आसनसोल। राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के उत्साह से गुरुवार को कुल्टी और पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र सराबोर नजर आए। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत दोनों क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर देशप्रेम का संदेश दिया।
कुल्टी में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री एवं विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार के नेतृत्व में बराकर स्टेशन से हनुमान चढ़िया तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में लहराता तिरंगा, भारत माता की जय के गगनभेदी उद्घोष और देशभक्ति के नारों से पूरा बराकर क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में स्कूली बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों और युवाओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी कदम से कदम मिलाकर यात्रा में शामिल हुए।
डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, समर्पण और एकजुटता की भावना को मजबूत करने का जनअभियान है। देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इसी क्रम में पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में विधायक जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में युवाओं और स्कूली बच्चों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ आगे बढ़ते प्रतिभागियों ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
जितेंद्र तिवारी ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। आज युवाओं और बच्चों में जिस तरह राष्ट्रप्रेम का उत्साह दिखाई दे रहा है, वह देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। हमें तिरंगे के सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
