दुर्गापुर के बेनाचिति मे नवनिर्मित हनुमान मंदिर के भव्य उद्घाटन को लेकर पूर्व सांसद एस.एस.अहलूवालिया की अध्यक्षता में समन्वय बैठक

दुर्गापुर। दुर्गापुर शहर के बेनाचिति ताल पोखर रोड स्थित वार्ड संख्या 14 एवं 15 की सीमा पर नवनिर्मित हनुमान मंदिर के प्रस्तावित भव्य उद्घाटन समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार देर रात वर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्रजीत सिंह अहलूवालिया के एजोन स्थित सरकारी आवास पर मंदिर उद्घाटन समारोह की तैयारियों को लेकर दूसरी समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्घाटन समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों सहित आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की गई। साथ ही मंदिर उद्घाटन समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पूर्व सांसद सुरेंद्रजीत सिंह अहलूवालिया ने आयोजन समिति के सदस्यों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम होते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से मंदिर का उद्घाटन समारोह श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ संपन्न होगा। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता सभापति सिंह, मदन त्रिवेदी, श्रीराम सिंह, श्रीराम तरवे, वर्दवान-दुर्गापुर भाजपा के नेता सुनील सिंह, जिला महासचिव अभिजीत दत्त, पार्टी प्रवक्ता सुमंत मंडल, प्रदीप मंडल तथा युवा नेता रंजीत चौधरी उपस्थित रहे। वहीं मंदिर समिति की ओर से पत्रकार एवं भोजपुरी मंच के महासचिव विपिन कुमार, गणेश शर्मा, पंकज बरनवाल, शेर बहादुर चौधरी, श्रीकांत कर्मकार, तेज नारायण ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से मंदिर उद्घाटन समारोह को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की गरिमा बनाए रखने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *