
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत निघा में मंगलवार को बंगाल नोनिया संयुक्त संघ के तत्वावधान में नोनिया समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा के स्तर को बढ़ावा देना, सामाजिक जागरूकता का विस्तार करना तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना था। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं सदस्यों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का मूल आधार शिक्षा, संगठन, अनुशासन और सामाजिक एकता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, तो प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर आपसी सहयोग और समरसता की भावना को मजबूत बनाना होगा। वक्ताओं ने युवाओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उनका कहना था कि बदलते समय में शिक्षा और तकनीकी दक्षता ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने योग्य बनाएगी। इसके साथ ही महिलाओं की शिक्षा, सामाजिक भागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण को भी समाज की उन्नति के लिए अनिवार्य बताया गया।
बैठक में समाज के आर्थिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास के लिए नियमित जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को यथासंभव सहयोग उपलब्ध कराने तथा समय-समय पर शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा उसकी गतिविधियों को समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के सभी लोगों को व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नई दिशा दी जा सकती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं सामाजिक वातावरण तैयार किया जा सकता है। बैठक में प्रमुख रूप से अशोक नोनिया, राकेश चौहान, कुंदन नोनिया, संजय प्रसाद, दयाचंद नोनिया, मुकेश नोनिया, कुंदन नोनिया (निघा), लक्ष्मीकांत चौहान, रंजीत नोनिया, शुभम नोनिया सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
