श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता: मंत्री डॉ अजय पोद्दार।

 

बराकर । आगामी श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर डिसरगढ़ स्थित माँ छिन्नमस्तिका मंदिर से बराकर स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में जलार्पण के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालु भक्तों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन को ध्यान में रखते हुए आज पश्चिम बंगाल सरकार के माननीय लोक निर्माण (PWD) एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रण (PHE) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने प्राचीन सिद्धेश्वरी मंदिर, बराकर स्टेशन रोड तथा डिसरगढ़–बराकर मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान माननीय मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे सड़क को गड्ढा मुक्त करने के कार्य का जायजा लिया तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मरम्मत कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएँ, ताकि कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पूरे कांवरिया मार्ग पर विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित विभागों, अपने कार्यकर्ताओं एवं मंदिर समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण की जाएँ तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।


इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि श्रावण मास आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। राज्य सरकार एवं प्रशासन का प्रयास है कि बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलार्पण के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *