
रानीगंज।असनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के आदेशानुसार, रानीगंज ट्रैफिक विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। इसी कड़ी में आज रानीगंज के ज्ञान भारती स्कूल में ‘सेफ ड्राइव, सेव लाइफ’ अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रानीगंज ट्रैफिक विभाग के अधिकारी सप्तर्षि मंडल, एस.के. सम्राट और बबन बाउरी विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ स्कूल के प्रिंसिपल अमित शॉ और वाइस प्रिंसिपल जे.के. सिंह भी मौजूद रहे। इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर और वीडियो के माध्यम से बच्चों को सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक दृश्य दिखाए गए। इसके जरिए उन्हें यह समझाया गया कि किस तरह एक छोटी सी लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को एक बेहद महत्वपूर्ण संदेश दिया कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों या जान-पहचान के लोगों को—जो भी बाइक, स्कूटी या कार चलाते हैं—ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूक करें। बच्चों से अपील की गई कि वे घर के बड़ों को समझाएं कि सड़क सुरक्षा कितनी जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी या सड़क दुर्घटना से बचा जा सके। यह अभियान आसनसोल -दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की एक सराहनीय पहल है, जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाना और सड़क हादसों पर अंकुश लगाना है।
