राज्य में डिजिटल जनगणना का शुभारंभ, आसनसोल से जागरूकता टैबलों को दिखाई गई हरी झंझं

आसनसोल। पश्चिम बंगाल में शनिवार से डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ हो गया। इसके तहत पहले चरण में राज्यभर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जबकि जनगणना का कार्य चरणबद्ध तरीके से अगले वर्ष तक पूरा किया जाएगा। पश्चिम बर्दवान जिले में इस अभियान की शुरुआत आसनसोल स्थित जिला समाहरणालय परिसर से हुई, जहां जिलाधिकारी एस. पोन्नबलम ने जागरूकता रथ (टैबलो) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अभिनव साव को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जनगणना अभियान से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल प्रणाली के माध्यम से की जा रही है। नागरिक चाहें तो स्वयं निर्धारित सरकारी पोर्टल पर अपनी पारिवारिक एवं व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर 11 अंकों की विशिष्ट पहचान (यूनिक आईडी) प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद जब जनगणना कर्मी (एन्यूमैरेटर) घर-घर पहुंचेंगे, तो केवल उक्त यूनिक आईडी के माध्यम से पूरी जानकारी पोर्टल से सत्यापित हो जाएगी। वहीं, जिन लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराया है, उनका विवरण एन्यूमैरेटर मौके पर ही डिजिटल माध्यम से दर्ज करेंगे। राज्य के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि सटीक और अद्यतन जनसंख्या आंकड़े किसी भी सरकार के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार होते हैं। पूर्व में कई बार सही आंकड़ों के अभाव में वास्तविक लाभार्थियों तक योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुंच पाता था। उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और विश्वसनीय बनेगी, जिससे जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना संभव होगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना अभियान में सक्रिय सहयोग करें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *