दक्षिणेश्वर में एनएचएआइ का अतिक्रमण हटाओ अभियान, रातभर चला बुलडोजर

कोलकाता , 14 जुलाईदक्षिणेश्वर स्थित निवेदिता ब्रिज के नीचे अवैध रूप से बने दुकानों और बस गुमटियों पर सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। नेशनल हाईवे अथॉरिटी, पीडब्ल्यूडी और दक्षिणेश्वर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 196 अवैध दुकानें और बस गुमटियां बुलडोजर चलाकर हटा दी गईं।

पूरे अभियान के दौरान दक्षिणेश्वर पीडब्ल्यूडी रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को अंजाम दिया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर पहुंच गए। कई दुकानदारों ने पुलिस और प्रशासन से अपनी दुकानें न तोड़ने की अपील की। वहीं, जिन लोगों के अतिक्रमण हटाए गए, उन्होंने प्रशासन से पुनर्वास की मांग करते हुए कहा कि उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए।

प्रशासन का कहना है कि सड़क और पुल के नीचे अवैध कब्जों को हटाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय लोगों और प्रभावित व्यापारियों की नजर बनी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *