
1 सितंबर से गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने के फैसले के बीच मारवाड़ी युवा मंच की पहल
रानीगंज। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा आगामी 1 सितंबर से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फेंकने, थूकने, गंदगी फैलाने तथा खुले में पेशाब करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्णय के बाद रानीगंज में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता अभियान शुरू हो गया है। इसी क्रम में रानीगंज मारवाड़ी युवा मंच ने ‘स्वच्छ रानीगंज–हरित रानीगंज’ अभियान की शुरुआत करते हुए एक विशेष जनजागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन रानीगंज के विधायक पार्थ घोष ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल रानीगंज ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्वच्छता अभियान की सफलता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता भी आवश्यक है। विधायक ने मारवाड़ी युवा मंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संगठनों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत तैयार किए गए जागरूकता पोस्टर एवं होर्डिंग शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंच सके। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फेंकें, इधर-उधर थूकने से बचें तथा खुले में गंदगी फैलाने जैसी आदतों को छोड़ें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करेगा, तभी रानीगंज को एक आदर्श और स्वच्छ शहर बनाया जा सकेगा। मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘स्वच्छ रानीगंज–हरित रानीगंज’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि मंच भविष्य में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उनका मानना है कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की सबसे बड़ी पहचान है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष प्रतीक मोर, राजेश जिंदल, श्याम जलान, दीप्ति सराफ, आयुष झुनझुनवाला, प्रशांत सरावगी, विनीत खंडेलवाल सहित मारवाड़ी युवा मंच के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने रानीगंज को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया तथा स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
