
एआईएमआईएम नेता ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, माफिया गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग
आसनसोल। एआईएमआईएम के नेता दानिश अजीज ने पश्चिम बर्धमान जिले में कथित माफिया गतिविधियों को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता तो बदल गई, लेकिन माफिया राज आज भी पहले की तरह जारी है। दानिश अजीज ने कहा कि राज्य में सिर्फ सत्ता का रंग हरे से भगवा हुआ है, लेकिन माफियाओं की कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में जिन माफियाओं को मुद्दा बनाकर भाजपा ने राजनीति की और सत्ता हासिल की, आज वही लोग भाजपा नेताओं के साथ खुलेआम घूम रहे हैं और अपना कारोबार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल लोकसभा क्षेत्र में ईसीएल, बर्नपुर इस्को, दुर्गापुर स्टील प्लांट, कुल्टी के औद्योगिक क्षेत्र तथा रेलवे रैक से जुड़े कार्यों में तृणमूल सरकार के दौरान जिस प्रकार कथित सिंडिकेट व्यवस्था चलती थी, अब वह पहले से भी अधिक सक्रिय हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध कारोबार पर रोक लगाने के बजाय उसे संरक्षण मिल रहा है। दानिश अजीज ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने “पलटानो दरकार, चाई भाजपा सरकार” का नारा देकर लोगों से बदलाव का वादा किया था। लेकिन सरकार बनने के बाद हालात बदलने के बजाय कथित माफिया गतिविधियों को और बढ़ावा मिला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पश्चिम बर्धमान में कथित माफिया गतिविधियों और सिंडिकेट व्यवस्था पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे। साथ ही चुनाव के दौरान किए गए वादों पर सरकार से जवाब भी मांगेंगे। उन्होंने राज्य सरकार से पश्चिम बर्धमान में कथित अवैध गतिविधियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
