डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर जामुड़िया को मिली अत्याधुनिक वातानुकूलित एम्बुलेंस की सौगात

जामुड़िया। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर शिक्षाविद् एवं महान राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर समाजसेवा और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। बिहारीजी ऑटो सर्विस स्टेशन (इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के डीलर) के संचालक एवं समाजसेवी अजय कुमार खेतान ने जामुड़िया की जनता के लिए एक अत्याधुनिक वातानुकूलित एम्बुलेंस जनसेवा के उद्देश्य से जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को समर्पित की। एम्बुलेंस समर्पण समारोह को संबोधित करते हुए अजय कुमार खेतान ने कहा कि समाज ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है। उनकी 125वीं जयंती पर जनता को एम्बुलेंस समर्पित करना उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है।उन्होंने कहा कि जामुड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर, आसनसोल, कोलकाता तथा अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में यह वातानुकूलित एम्बुलेंस मरीजों को सुरक्षित, सम्मानजनक और समय पर चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी यह पहल समाज के अन्य उद्योगपतियों एवं सक्षम लोगों को भी जनहित के कार्यों के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने इस सामाजिक पहल के लिए अजय कुमार खेतान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक एम्बुलेंस का दान नहीं, बल्कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायी कदम है। उन्होंने कहा कि जामुड़िया के उद्योगों, कारखानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) की राशि का उपयोग जनकल्याण के कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सभी उद्योग सामूहिक रूप से आगे आएं तो जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में आठ से नौ आधुनिक एम्बुलेंसों का मजबूत नेटवर्क विकसित किया जा सकता है। इससे क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा समय पर उपलब्ध होगी और किसी भी मरीज को एम्बुलेंस के अभाव में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार, उद्योग जगत और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में भाजपा मंडल-3 के अध्यक्ष दीप बनर्जी, सचिव छोटन चटर्जी, मंडल-4 के नरेंद्र सिंह, राणा बनर्जी, विश्वजीत मिश्रा, राहुल शर्मा, बुद्धजीत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने इस जनहितकारी पहल का स्वागत करते हुए इसे जामुड़िया की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया तथा अजय कुमार खेतान के सामाजिक योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *