जामुड़िया में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई गई, भाजपा नेताओं ने किया श्रद्धांजलि अर्पित

जामुड़िया। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या-1 अंतर्गत जामुड़िया मंडल-4 की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। इस अवसर पर भाजपा नेता विश्वजीत मिश्रा, अनुभव मिश्रा, राजेश शर्मा, विजयकांत उपाध्याय, देबू मोदी, सुखदेव मोदी, रवि साव, गौतम मोदी, कोमल पंडित, शिखा दास सहित जामुड़िया मंडल-4 के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता विश्वजीत मिश्रा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को हुआ था। उन्होंने देश की राजनीति, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी स्वतंत्र भारत की पहली केंद्रीय मंत्रिपरिषद में मंत्री रहे, लेकिन राष्ट्रीय मुद्दों पर तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से वैचारिक मतभेद होने के कारण उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की। विश्वजीत मिश्रा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने पश्चिम बंगाल के भारत का अभिन्न हिस्सा बने रहने तथा यहां के लोगों के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लागू अलग व्यवस्था का भी डॉ. मुखर्जी ने पुरजोर विरोध किया और “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकार और तत्कालीन जम्मू-कश्मीर प्रशासन की नीतियों के कारण डॉ. मुखर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई, जिसे भाजपा आज भी एक गंभीर विषय मानती है। वहीं भाजपा नेता राजेश शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक दूरदर्शी, राष्ट्रवादी और सिद्धांतवादी नेता थे। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी करोड़ों देशवासियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *