पत्रकार बताकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश, जांच में नशीला पदार्थ मिलने पर युवक गिरफ्तार

हेलमेट व वाहन जांच अभियान के दौरान जीटी रोड पर हुई कार्रवाई, संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज

आसनसोल। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र में सोमवार को चलाए जा रहे नियमित हेलमेट एवं वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि युवक ने स्वयं को पत्रकार बताकर पुलिस पर दबाव बनाने और कार्रवाई से बचने का प्रयास किया, लेकिन तलाशी के दौरान उसके पास से कथित तौर पर गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक दोपहिया वाहन सवार युवक को रोककर पुलिसकर्मियों ने उसके वाहन के दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजात की जांच करनी चाही। युवक की पहचान रागनिया पाड़ा निवासी शुभम ठाकुर के रूप में हुई है। आरोप है कि जांच के दौरान शुभम ठाकुर ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए पुलिसकर्मियों पर रौब जमाने की कोशिश की। उसने कथित रूप से कार्रवाई रोकने के लिए दबाव बनाया और पुलिसकर्मियों को धमकी भरे लहजे में उनकी वर्दी उतरवा देने तक की बात कही। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने बिना किसी दबाव में आए नियमानुसार वाहन और युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से कथित तौर पर गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थ बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर आसनसोल दक्षिण थाना पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की संबंधित मामलो सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद नशीले पदार्थ का स्रोत क्या है और आरोपी का किसी संगठित तस्करी नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं और किसी भी व्यक्ति की पहचान या परिचय के आधार पर नियमों से समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जांच अभियान में सहयोग करने की भी अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *