
प्रभात फेरी निकालकर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
रानीगंज। प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मंडल-1 की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। प्रतिकूल मौसम की परवाह किए बिना कार्यकर्ताओं ने प्रभात फेरी निकालकर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई। हाथों में तिरंगा और पार्टी के ध्वज लेकर कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र का भ्रमण किया तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संदेश को लोगों तक पहुंचाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारों के साथ उनके योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर युवा मोर्चा के नेताओं ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसे दौर भी आए, जब लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के समक्ष गंभीर चुनौतियां थीं। ऐसे समय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नेताओं ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर समाज और देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अपने विचारों और त्याग के माध्यम से युवाओं के लिए एक ऐसी राह दिखाई, जो राष्ट्रप्रेम, सेवा और समर्पण की भावना से ओत-प्रोत है। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में आसनसोल जिला भाजपा युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी अनीकेत रक्षित, रानीगंज मंडल-1 युवा मोर्चा के अध्यक्ष मनु वर्मा, महामंत्री सुखेन धीबर सहित युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
