डॉ श्यामा. प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के शुभावसर पर, विधायक डॉ बिजन मुखर्जी ने किया पं.आर्य गिरि रचित “भाजपा-जीत की स्वागत-गीत ” का विमोचन

जामुड़िया। महान शिक्षाविद, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को जामुड़िया के बीजपुर स्थित विधायक कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जामुड़िया के निंगा स्थित प्रशिद्ध निंगेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित आर्य प्रह्लाद गिरि ने जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को गायत्री मंत्र अंकित चादर, स्वनिर्मित पुष्पगुच्छ तथा अपनी स्वरचित काव्य रचना ‘भाजपा जीत की स्वागत गीत’ की हिंदी एवं बांग्ला प्रति भेंट की। विधायक ने पुस्तक का विमोचन करते हुए पंडित गिरि की राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना की सराहना की। इस अवसर पर डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि देश के लिए उनके विचार और बलिदान आज भी प्रत्येक राष्ट्रवादी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में ‘एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान’ के सिद्धांत को लेकर आजीवन संघर्ष किया और राष्ट्रहित के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक प्रखर राष्ट्रवादी नेता ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी शिक्षाविद भी थे। उनका मानना था कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में भी डॉ. मुखर्जी की ऐतिहासिक भूमिका रही, जिसे देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व का विषय है कि उनकी वैचारिक विरासत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान व्यक्तित्व से जुड़ी हुई है। कार्यक्रम के दौरान पंडित आर्य प्रह्लाद गिरि ने अपनी स्वरचित काव्य रचना ‘भाजपा जीत की स्वागत गीत’ के सृजन की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए इसे राष्ट्रभक्ति और जनजागरण को समर्पित बताया। विधायक ने उनकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहल की सराहना करते हुए निंगा क्षेत्र में निर्माणाधीन छठ घाट का कार्य भी शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।
समारोह में उपस्थित लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में ‘भारत माता की जय’ और ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहें’ के नारों के साथ समारोह संपन्न हुआ। साथ ही उपस्थित लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भी लिया।इस अवसर पर राजू कुमार, अशोक हिंदू, जीतेंद्र बर्मा, राहुल मंडल, लक्ष्मी साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक एवं राष्ट्रप्रेमी जन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *