पश्चिम बर्दवान में वीबीजी रामजी परियोजना का शुभारंभ, ग्रामीण विकास और रोजगार को मिलेगी नई गति

कांकसा के विदबिहार ग्राम पंचायत से हुई शुरुआत, 125 दिनों के रोजगार, अधिक मजदूरी और आधुनिक तकनीक से गांवों के समग्र विकास का लक्ष्य

दुर्गापुर। ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, रोजगार के अवसरों में वृद्धि तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में पश्चिम बर्दवान जिले में वीबीजी रामजी परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कांकसा प्रखंड के विदबिहार ग्राम पंचायत अंतर्गत फूलझोड़ क्षेत्र में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ जिले में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत हुई। परियोजना का उद्घाटन आंध्र प्रदेश के तिरुपति से वर्चुअल माध्यम से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने किया। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की तरह पश्चिम बर्दवान जिले में भी इस परियोजना का कार्य औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गया। इस अवसर पर दुर्गापुर के महकमा शासक कौशिक चट्टोपाध्याय, वीबीजी रामजी परियोजना के जिला अधिकारी अतनु मंडल, कांकसा के बीडीओ सौरभ गुप्ता सहित प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में परियोजना की रूपरेखा, उद्देश्य तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना, श्रमिकों को अधिक कार्य दिवस उपलब्ध कराना तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से विकास कार्यों को गति देना है। परियोजना के अंतर्गत पूर्व में उपलब्ध 100 दिनों के रोजगार के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। साथ ही श्रमिकों की मजदूरी में भी वृद्धि की गई है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। दुर्गापुर के महकमा शासक कौशिक चट्टोपाध्याय ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से प्रत्येक गांव को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में इस परियोजना का विस्तार किया जाएगा। आधुनिक तकनीक के उपयोग से सड़क, जल निकासी, सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना के लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा गांवों के आधारभूत ढांचे में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक चरण के बाद परियोजना को पश्चिम बर्दवान जिले के अन्य ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भी क्रमबद्ध रूप से लागू किया जाएगा। ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाली इस परियोजना से स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया। प्रशासन का मानना है कि रोजगार, बेहतर मजदूरी और आधुनिक विकास कार्यों के माध्यम से यह योजना ग्रामीण जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *