
पश्चिम बर्दवान, 01 जुलाई । महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में अन्नपूर्णा योजना के तहत बुधवार को 1.3 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में योजना का लाभ हस्तांतरित किया गया। इस अवसर पर बुधवार को आसनसोल के जिला प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं को योजना से संबंधित लाभ प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी, डीएम एस पोन्नमबलम सहित प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया गया।
वक्ताओं ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। यह भी कहा गया कि केंद्र और राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कार्य कर रही हैं।
वक्ताओं ने कहा कि यह योजना महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
–
