
अंडाल। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों का प्रवास कर रहे महामंडलेश्वर प्रकाशानंद महाराज मंगलवार को दुर्गापुर के अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए समाजसेवी विश्वास डालमिया, सुनीता कयाल एवं राहुल अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। एयरपोर्ट से महाराज को पहले दुर्गापुर के एक होटल ले जाया गया, जहां उनके विश्राम की व्यवस्था की गई। इसके बाद उनके निघा स्थित सिटी रेजिडेंसी होटल पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया, जहां श्रद्धालु उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए महामंडलेश्वर प्रकाशानंद महाराज ने कहा कि संन्यासी का जीवन निरंतर प्रवास का जीवन होता है। उन्होंने कहा, “बहता पानी और रमता जोगी एक स्थान पर नहीं ठहरते।” इसी परंपरा का पालन करते हुए वह देश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में वर्तमान समय में सकारात्मक परिवर्तन की उम्मीद दिखाई दे रही है। उनके अनुसार, पहले सनातन धर्म को मानने वाले लोगों को अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदलेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा तथा भ्रष्टाचार, कटमनी और अनैतिक कार्यों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।इस अवसर पर अटल जनकल्याण समिति की सदस्य सुनीता कयाल ने बताया कि बुधवार को निघा स्थित सिटी रेजिडेंसी होटल में भव्य ट्रेड एक्सपो का आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ महामंडलेश्वर प्रकाशानंद महाराज के करकमलों से होगा। उन्होंने कहा कि इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महाराज विशेष रूप से अंडाल पहुंचे हैं। सुनीता कयाल ने कहा कि अटल जनकल्याण समिति की ओर से एयरपोर्ट पर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने इसे समिति तथा क्षेत्र के लिए सौभाग्य का विषय बताते हुए कहा कि महाराज के सान्निध्य से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर महाराज के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेड एक्सपो के उद्घाटन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और समिति को कार्यक्रम के सफल आयोजन की पूरी उम्मीद है।
