लायंस क्लब ऑफ कलकत्ता क्वेस्ट के अध्यक्ष बने एलएन राजकुमार प्रसाद, 13वें अधिष्ठापन समारोह का हुआ भव्य आयोजन

कोलकाता, 30 जून । लायंस क्लब ऑफ कलकत्ता क्वेस्ट, डिस्ट्रिक्ट 322बी1 का 13वां अधिष्ठापन समारोह ली रोड स्थित वैभव शॉपिंग मॉल के रूफटॉप व्यू रेस्टोरेंट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में एलएन राजकुमार प्रसाद ने क्लब के अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी ने भी शपथ लेकर सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

अध्यक्ष पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में एलएन राजकुमार प्रसाद ने कहा कि लायंस क्लब की गौरवशाली सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता की भावना के साथ क्लब की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

समारोह की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एलएन मंजू चमारिया रहीं। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एलएन राजकुमार प्रसाद एवं उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में क्लब समाज सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां स्थापित करेगा।

अधिष्ठापन एवं शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पीडीजी लायन एस.पी. भट्ट ने संपन्न कराई। कार्यक्रम में श्री नारायण जैन ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए दूरदर्शी नेतृत्व, टीम भावना और मानव सेवा के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा सेवा कार्यों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बताया।

नई कार्यकारिणी में एलएन एमडी फैयाज हनीफ ने सचिव तथा एलएन आशीष झुनझुनवाला ने कोषाध्यक्ष के रूप में दायित्व ग्रहण किया। दोनों पदाधिकारी अध्यक्ष एलएन राजकुमार प्रसाद के नेतृत्व में क्लब की आगामी सामाजिक एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियों को गति प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन पीडीजी लायन लेखा शर्मा ने किया। वहीं, जोन चेयरपर्सन एवं डायरेक्टर लायन महेश कुमार गोयल ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।

समारोह में लायंस क्लब के अनेक सदस्य, पदाधिकारी, विशिष्ट अतिथि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा, मानवीय सहयोग और जनकल्याण के आदर्शों के प्रति नए संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *