आसनसोल के समग्र औद्योगिक विकास में उद्योग संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण : अग्निमित्रा पाल

 

फॉस्सबेकी एवं आसनसोल मर्चेंट्स चैंबर ने जनप्रतिनिधियों का किया सम्मान, औद्योगिकीकरण और सतत विकास पर हुआ मंथन

आसनसोल। फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (फॉस्सबेकी) तथा आसनसोल मर्चेंट्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को आसनसोल क्लब में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर औद्योगिक विकास, निवेश, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल, मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी तथा बाराबनी के विधायक अरिजीत राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान फॉस्सबेकी के अध्यक्ष सचिन राय, आर.पी. खेतान, सुभाष अग्रवाल, हिरेन व्यास, सपन चौधरी, पवन गुटगुटिया सहित संगठन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न एवं उत्तरीय भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि एक समय आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र पूरे देश में औद्योगिक समृद्धि का प्रतीक माना जाता था। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. विधान चंद्र राय की दूरदर्शी सोच के कारण दुर्गापुर जैसे आधुनिक औद्योगिक नगर का विकास हुआ, जिसने शिक्षा, संस्कृति और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि समय के साथ इस औद्योगिक क्षेत्र की रफ्तार अवश्य धीमी हुई, लेकिन अब राज्य सरकार औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य में निवेश को बढ़ावा देने तथा नए उद्योग स्थापित करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इस लक्ष्य की प्राप्ति में फॉस्सबेकी जैसे उद्योग संगठनों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राष्ट्र के आर्थिक विकास में उद्योगपतियों और उद्यमियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। सरकार नीतियां बनाकर विकास की दिशा तय करती है, लेकिन उन नीतियों को धरातल पर उतारने का कार्य उद्योग जगत करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार कर रही है। जो भी उद्यमी पारदर्शिता एवं न्यायोचित तरीके से राष्ट्र निर्माण में योगदान देगा, सरकार उसे हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। जामुड़िया के विधायक एवं चिकित्सक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि औद्योगिकीकरण समय की आवश्यकता है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। प्रदूषण प्रभावित क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के कारण वे पर्यावरणीय चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के उद्योगपति विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सजग हैं। उन्हें विश्वास है कि भविष्य में भी उद्योग जगत आर्थिक प्रगति और प्राकृतिक संतुलन के बीच सामंजस्य बनाए रखते हुए आगे बढ़ेगा। समारोह के अंत में फॉस्सबेकी के अध्यक्ष सचिन राय एवं आर.पी. खेतान ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर केवल आसनसोल ही नहीं, बल्कि अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन तथा सतत (सस्टेनेबल) विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, जनप्रतिनिधियों एवं उद्योग जगत के आपसी सहयोग से आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र एक बार फिर अपनी पुरानी औद्योगिक पहचान हासिल करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *