
जामुड़िया । ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश झा के नेतृत्व में पूरे संगठन में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की ओर से बेलबाद फ्री प्राइमरी स्कूल परिसर में स्वच्छता विषयक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए उन्हें प्रेरित करना था। क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में बेलबाद फ्री प्राइमरी स्कूल एवं जोत जानकी हाई स्कूल के कुल 42 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रंग-बिरंगी एवं आकर्षक चित्रकृतियों के माध्यम से स्वच्छता का महत्व, पर्यावरण संरक्षण, साफ-सफाई की आवश्यकता तथा स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।प्रतियोगिता के उपरांत विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि स्वच्छ समाज के निर्माण में बच्चों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत सामाजिक जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्रीय प्रबंधन की ओर से जोत जानकी ग्राम में ग्रामीणों के बीच जूट के थैलों का वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करना तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्रीय सामुदायिक विकास अधिकारी ज्योति प्रसाद बोरी तथा बेलबाद फ्री प्राइमरी स्कूल के शिक्षक असित चक्रवर्ती की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि ईसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे जनहित के अभियानों को भी निरंतर बढ़ावा दे रहा है। इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
