कुल्टी में सर बीरेन मुखर्जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण, औद्योगिक विरासत को मिला नया सम्मान

कुल्टी। जीटी रोड स्थित सेल ग्रोथ वर्क्स (SGW), कुल्टी के डीवीसी मैदान में शनिवार की सुबह कुल्टी के औद्योगिक इतिहास के महान शिल्पकार एवं दूरदर्शी उद्योगपति सर बीरेन मुखर्जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण गरिमामय समारोह में किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री अजय कुमार पोद्दार तथा सेल ग्रोथ वर्क्स के कार्यपालक निदेशक (Executive Director) अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ। सेल ग्रोथ वर्क्स के महाप्रबंधक श्री राम शेषाद्रि एवं महाप्रबंधक आर.एस. महावर ने कैबिनेट मंत्री अजय कुमार पोद्दार तथा कार्यपालक निदेशक अनिल कुमार का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।

इसके उपरांत दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं प्रतिमा से आवरण हटाकर सर बीरेन मुखर्जी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। समारोह के दौरान शांति एवं सद्भाव के प्रतीक दो सफेद कबूतर उड़ाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दो पौधों का भी रोपण किया गया।

कार्यक्रम में सहायक महाप्रबंधक (एचआर) जिशान आदिल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि सर बीरेन मुखर्जी का जीवन उद्योग, अनुशासन, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन सेल ग्रोथ वर्क्स के कर्मी रवि शंकर चौबे ने किया।

सर बीरेन मुखर्जी के योगदान को किया गया याद

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि सर बीरेन मुखर्जी केवल एक उद्योगपति नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के औद्योगिक विकास के अग्रदूत थे। उनके नेतृत्व में कुल्टी और बर्नपुर के इस्पात उद्योग को नई दिशा मिली तथा इस क्षेत्र को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शिता, तकनीकी सोच और विकास की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगी।

कार्यपालक निदेशक अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सर बीरेन मुखर्जी ने कुल्टी कारखाने के आधुनिकीकरण, तकनीकी उन्नयन और विस्तार में निर्णायक भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कुल्टी की फाउंड्री और इंजीनियरिंग इकाई ने उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले उत्पादों के निर्माण के साथ भारतीय इस्पात उद्योग में महत्वपूर्ण स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक महान व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि SGW की गौरवशाली औद्योगिक विरासत और भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

कुल्टी के औद्योगिक विकास में ऐतिहासिक योगदान

सर बीरेन मुखर्जी के नेतृत्व में कुल्टी कारखाने में आधुनिक तकनीकों को अपनाया गया, उत्पादन क्षमता का विस्तार हुआ तथा गुणवत्ता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार आया। उनके प्रयासों से कुल्टी देश के प्रमुख फाउंड्री एवं इंजीनियरिंग केंद्रों में स्थापित हुआ और हजारों लोगों को रोजगार एवं क्षेत्र को औद्योगिक समृद्धि मिली। उनकी दूरदर्शी सोच ने कुल्टी की औद्योगिक पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत अभिजीत दास एवं बरनाली बराट ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर सेल ग्रोथ वर्क्स के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह श्रद्धा, सम्मान और औद्योगिक गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *