
आसनसोल । आसनसोल के काली पहाड़ी बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में शुक्रवार तड़के अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर भीतर घुसे और लगभग 100 ग्राम सोना, एक किलोग्राम चांदी तथा गल्ले में रखे 10 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर उनका डीवीआर रिकॉर्डर भी अपने साथ ले गए। दुकान संचालक दिवाकर चौधरी ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर चोरी की घटना का पता चला। प्रारंभिक जांच में पिछली दीवार में सेंध लगाकर चोरी किए जाने की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। भीड़भाड़ वाले काली पहाड़ी बाजार में हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।
