रानीगंज में 27-28 जून को सजेगा ‘द ट्रेड शो 2026’, व्यापार के साथ संस्कृति का भी होगा संगम

रानीगंज। रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स (आरसीसी) की लेडीज विंग एवं प्रतिष्ठित ब्रांड ‘श्याम सुंदर चांदीवाला’ के संयुक्त तत्वावधान में 27 एवं 28 जून 2026 को दो दिवसीय भव्य प्रदर्शनी ‘द ट्रेड शो 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित होगा। प्रदर्शनी में व्यापार, फैशन, आभूषण, गृह सज्जा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन की रूपरेखा साझा करने के लिए आयोजित प्रेस वार्ता में आरसीसी के चेयरमैन रोहित खेतान, वर्किंग प्रेसिडेंट मनोज केसरी, आरसीसी लेडीज विंग की प्रतिनिधि रूबी मोदी, पायल अग्रवाल एवं पूनम भालोटिया उपस्थित थीं। वक्ताओं ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय एवं क्षेत्रीय उद्यमियों, व्यवसायियों तथा महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

दो मंजिलों में सजेगी भव्य प्रदर्शनी

प्रदर्शनी को दो अलग-अलग तल पर व्यवस्थित किया गया है, जहां आगंतुकों को विविध प्रकार के उत्पादों और सेवाओं का अनुभव मिलेगा। प्रथम तल पर कान्हा क्रिएशन (रश्मि दारुका), मैजिक ऑफ न्यूमरो एंड मंडाला आर्ट गैलरी, संवी क्रिएशन, लिबास ज्वेल्स, मोदीकेयर, साल्टी स्नैकर्स तथा फैशन वर्ल्ड सहित कई आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां फैशन, आभूषण, हस्तशिल्प एवं लाइफस्टाइल से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। द्वितीय तल पर बुलबुल बुटीक हाउस (सुमिता मित्रा), ऑरा फैशन, निकुंज, नवेली, आरुषा क्रिएशन, त्रिवोरा एथनिक हब, बिसेस क्रिएशन्स और श्रद्धा बुटीक जैसे प्रतिष्ठानों के स्टॉल दर्शकों को आकर्षित करेंगे। इसके अतिरिक्त श्वेता कौर द्वारा संचालित ‘सिंह स्नैक्स’ फूड काउंटर भी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बढ़ेगी रौनक

आयोजकों के अनुसार, व्यापारिक प्रदर्शनी के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 27 जून को शाम 4 बजे 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं 28 जून को आरसीसी लेडीज विंग की महिला सदस्यों के लिए विशेष सांस्कृतिक संध्या ‘एक शाम सासू मां के नाम’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम केवल महिला सदस्यों के लिए आरक्षित रहेगा और पारिवारिक मूल्यों तथा रिश्तों को समर्पित होगा।

क्षेत्रवासियों से सहभागिता की अपील

आरसीसी लेडीज विंग की चेयरपर्सन वानी खेतान, सलाहकार अरुण भरतिया, आरसीसी अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता तथा महासचिव सरत कानोडिया ने क्षेत्र के नागरिकों से सपरिवार इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ‘वाणिज्य और संस्कृति का उत्सव’ है, जो स्थानीय प्रतिभाओं, उद्यमिता और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करेगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *