दुर्गापुर के कांकसा मे डंपर की चपेट में आने से सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

दुर्गापुर। दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के एक सेवानिवृत्त कर्मी की मौत हो गई। यह हादसा कांकसा के मास्टरपाड़ा अंडरपास के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुआ। मृतक की पहचान अजय कुमार मंडल (64) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय कुमार मंडल स्कूटी से दुर्गापुर की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मास्टरपाड़ा अंडरपास के समीप स्थित ट्रैफिक सिग्नल हरा होते ही उन्होंने आगे बढ़ना शुरू किया। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर को पार करने के प्रयास में उनकी स्कूटी डंपर के संपर्क में आ गई। टक्कर लगते ही वे संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद डंपर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाना पुलिस तथा कांकसा ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है। हालांकि हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के इस व्यस्त चौराहे पर अक्सर यातायात नियमों की अनदेखी की जाती है। सिग्नल व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होने तथा पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद कई लोग जल्दबाजी में नियमों का पालन नहीं करते, जिसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस महत्वपूर्ण चौराहे पर निगरानी और सख्ती बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, तो इस प्रकार की दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा फरार डंपर चालक की तलाश जारी है। वहीं, सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी की असामयिक मृत्यु से स्थानीय लोगों में गहरा शोक और आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *