जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया का 111वां स्थापना दिवस, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन पर 111 घंटे की विशेष प्रतियोगिता

कोलकाता, 24 जून । देश के प्रमुख प्राणी जैव विविधता अनुसंधान संस्थानों में शामिल जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया इस वर्ष अपना 111वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन विषय पर 111 घंटे की विशेष नवाचार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

संस्थान की निदेशक धृति बनर्जी ने बुधवार को कोलकाता में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी, शोधकर्ता और नवोन्मेषक भाग ले रहे हैं। क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद चुनी गई सर्वश्रेष्ठ टीमों को अंतिम चरण की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला है।

उन्होंने बताया कि 30 जून से शुरू हो रहे स्थापना दिवस समारोह के दौरान प्राणी वर्गीकरण शिखर सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की कई महत्वपूर्ण प्रकाशन सामग्री का लोकार्पण किया जाएगा।

धृति बनर्जी ने कहा कि इस वर्ष पहली बार हिंदी में ‘जीव दर्पण’ नामक पत्रिका का प्रकाशन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पत्रिका के माध्यम से जैव विविधता, प्राणी विज्ञान और संरक्षण से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर हिंदी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समारोह में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तथा राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *