
आसनसोल। आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सालानपुर में कथित अवैध पत्थर खदान संचालन के मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के सालानपुर ब्लॉक उपाध्यक्ष भोला सिंह को मंगलवार को पुलिस जांच के सिलसिले में घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में ले गई। इस दौरान डाबर मोड़ बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और आरोपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच को आगे बढ़ाने तथा घटनाक्रम का पुनर्निर्माण करने के उद्देश्य से आरोपी भोला सिंह को पुलिस हिरासत में विभिन्न स्थानों पर ले जाया गया। जांच टीम ने उनसे मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ की तथा संबंधित स्थलों की पहचान कराई। जैसे ही पुलिस आरोपी को लेकर डाबर मोड़ बाजार पहुंची, वहां मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय भोला सिंह ने हाफ पैंट पहन रखी थी और सुरक्षा कारणों से उनकी कमर में रस्सी बंधी हुई थी। आरोपी को इस स्थिति में देखकर स्थानीय लोगों मे गुस्सा दिखाई दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए और कुछ लोगों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।नारेबाजी के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण वातावरण बन गया, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। गौरतलब है कि अवैध पत्थर खदान संचालन के आरोप में भोला सिंह को गत गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया था, जहां भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा था। उस दौरान अदालत परिसर के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने आरोपी पर अंडे फेंककर विरोध दर्ज कराया था। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है और अवैध खनन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित अवैध खदान संचालन में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इससे जुड़े नेटवर्क का दायरा कितना व्यापक है। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाने और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच करने में लगी हुई है। वहीं, क्षेत्र में इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है।
