कूचबिहार के शीतलकुची में किसान सभा पर हमले के विरोध में रानीगंज में प्रदर्शन, भाजपा पर गंभीर आरोप

रानीगंज। कूचबिहार के शीतलकुची ब्लॉक में किसान सभा के आंदोलन पर हुए कथित हमले के विरोध में सारा भारत किसान सभा की रानीगंज कमेटी ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। गिर्जापाड़ा स्थित बार्न्स यूनियन कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा समर्थित दुष्कृतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई तथा पुलिस प्रशासन की कथित निष्क्रियता की आलोचना की गई।
किसान सभा नेताओं ने बताया कि शीतलकुची में किसानों के विभिन्न मांगों, कृषि हितों तथा एसआईआर के कारण मतदाता सूची से बाहर हुए वैध मतदाताओं को पुनः शामिल करने की मांग को लेकर आयोजित रैली और धरना-प्रदर्शन के दौरान हमला किया गया था। इसी घटना के विरोध में रानीगंज में यह प्रतिवाद सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए किसान नेता पराशर महांत और मलयकांति मंडल ने भाजपा पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार कृषि व्यवस्था को कॉरपोरेट घरानों के हाथों सौंपने की कोशिश कर रही है और किसानों को उनकी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों के न्यायसंगत अधिकारों और मांगों के समर्थन में होने वाले आंदोलनों को दबाने के लिए इस प्रकार के हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलनों पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इसके खिलाफ समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शीतलकुची की घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा किसानों की मांगों पर सरकार से सकारात्मक पहल करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *