
मारवाड़ी जहाँ, व्यापार वहाँ उद्घोष से गूंजा सभागार ।
कोलकाता । मारवाड़ी बिजनेस एंड सोशल कम्युनिटी (एमबीएससी) द्वारा आयोजित मारवाड़ी कारोबारी कॉन्क्लेव – 2026 में कोलकाता, भुवनेश्वर एवं दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से आए मारवाड़ी कारोबारियों, सदस्यों एवं अतिथियों सहित एमबीएससी के जेम गेस्ट्स के रूप में बी. एल. मित्तल, मनीष यादुका, रतनलाल अग्रवाल, राकेश सोमानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया । प्रायोजक सेलिब्रेशन तथा एसोसिएट स्पॉन्सर बी एम ए और अन्नपूर्णा का विशेष सहयोग रहा, जिनके योगदान से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका । एमबीएससी के सदस्यों एवं अतिथियों ने आपसी सम्पर्क एवं व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से विचारों का आदान-प्रदान किया । एमबीएससी की संस्थापक वंदना अग्रवाल एवं समिति सदस्यों ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था का एकमात्र उद्देश्य देशभर के मारवाड़ी कारोबारियों को एक मंच पर लाना तथा उनके व्यापार को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान करना है ।
अजय बिनानी ने आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स के उपयोग एवं उनके व्यावसायिक महत्व पर अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक जानकारी प्रदान की । रोचक क्विज प्रतियोगिता ने सभी उपस्थितजनों का भरपूर मनोरंजन किया और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इसमें हिस्सा लिया । धनंजय बंथिया ने व्यवसाय, नेटवर्किंग एवं धन सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उपस्थितजनों को प्रेरित किया । विवेक कानोड़िया ने जानकारी दी कि एमबीएससी के तीन चैप्टर सफलतापूर्वक प्रारंभ हो चुके हैं तथा शीघ्र ही भुवनेश्वर, रांची एवं दिल्ली में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने एक स्वर में मारवाड़ी जहाँ, व्यापार वहाँ का उद्घोष किया, तब पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से गूंज उठा ।
