योग दिवस से पहले पश्चिम मेदिनीपुर में तेज हुई तैयारियां, जिलेभर में पदयात्रा और दौड़ आयोजन

 

पश्चिम मेदिनीपुर, 19 जून । आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार सुबह दासपुर-दो प्रखंड प्रशासन की पहल पर सुबह छह बजे से विशेष योग जागरूकता पदयात्रा आयोजित की गई। पदयात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
जिले के बालीचक स्थित भजहरी हाई स्कूल के पहल पर पांच किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिभागियों को उत्साहित करने के लिए डेबरा के बीडीओ प्रियव्रत राड़ी शुक्रवार सुबह छह बजे से मैदान में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं।
इससे पहले गुरुवार को मेदिनीपुर पुलिस लाइन मैदान में पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस की ओर से विशेष योगाभ्यास एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें जिलाधिकारी, जिला पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेदिनीपुर शहर के कॉलेज मैदान में बड़े स्तर पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रशासन के विभिन्न विभागों, पुलिसकर्मियों, छात्र-छात्राओं और आम लोगों की भागीदारी रहने की संभावना है।
जिले भर में चल रहे योग प्रशिक्षण, जागरूकता अभियान और पदयात्राओं के जरिए प्रशासन योग दिवस को सफल बनाने की तैयारी में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *