
रानीगंज। रानीगंज के रॉबिन सेन स्टेडियम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जनकल्याण शिविर में इन दिनों लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं में पंजीकरण कराने, आवश्यक दस्तावेज जमा करने तथा सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए शिविर में पहुंच रहे हैं। हालांकि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण शिविर में आने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए रानीगंज के JMD क्लब एवं रानीगंज एथलीट की ओर से एक विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर के माध्यम से जनकल्याण शिविर में उपस्थित लोगों के बीच ठंडा शरबत और केला वितरित किया गया, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिली और ऊर्जा प्राप्त हुई। सेवा कार्य में जुटे क्लब के सदस्यों ने बताया कि जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में लोग दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंच रहे हैं। कई लोगों को घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। ऐसे में गर्मी और थकान को देखते हुए लोगों की सहायता के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और मानवता की भावना से प्रेरित होकर क्लब समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्यों में भाग लेता रहा है और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियां जारी रहेंगी। शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच ठंडा शरबत और फल वितरण की व्यवस्था उनके लिए काफी राहत भरी साबित हुई। उन्होंने इस सेवा कार्य से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान JMD क्लब के प्रदीप साव, सूरज साव, शैलेश ठाकुर, जय साव, सूरज बर्मन, अजय साव, अभिनाश झा, गौतम ठाकुर, रॉकी कौड़ी, संदीप गोस्वामी, अमनगिरी पासवान सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे। वहीं रानीगंज एथलीट के कर्णधार रवि सिंह ने भी सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया और लोगों को शरबत एवं फल वितरण कर सहयोग प्रदान किया। स्थानीय लोगों का मानना है कि जनकल्याण शिविर में जहां एक ओर सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक संगठनों द्वारा किए जा रहे ऐसे मानवीय कार्य समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। JMD क्लब और रानीगंज एथलीट की इस पहल को लोगों ने जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
