कोलकाता, 16 जून । तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी से मंगलवार को राज्य अपराध जांच विभाग ने उनकी कथित ‘डीजे’ टिप्पणी के मामले में लगभग 6.5 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद शाम करीब 6:25 बजे वह भवानी भवन से बाहर निकले और सीधे कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास के लिए रवाना हो गए।
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी ने चुनाव परिणामों के बाद की स्थिति को लेकर एक सभा में कहा था कि “डीजे तो बजेगा ही, इतना जोर से बजेगा कि कान गूंज उठेंगे।” इस बयान को लेकर बाद में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनके खिलाफ सॉल्ट लेक में साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसी मामले में राज्य पुलिस के सीआईडी ने गत शुक्रवार को कालीघाट स्थित उनके आवास पर नोटिस भेजा था और मंगलवार को उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया गया था। निर्धारित समय दोपहर 12 बजे से कुछ मिनट पहले ही अभिषेक भवानी भवन पहुंच गए थे।
पिछले छह दिनों में यह तीसरी बार है जब अभिषेक बनर्जी जांच एजेंसियों के समक्ष पेश हुए हैं। इससे पहले 11 जून को विधानसभा में कथित हस्ताक्षर जालसाजी मामले में उनसे लगभग 5.5 घंटे तक पूछताछ की गई थी। उसी मामले में 14 जून को उन्हें दोबारा बुलाया गया, जहां करीब 8.5 घंटे तक पूछताछ चली।
इसी दौरान प्राथमिक शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने भी उन्हें तलब किया था। सोमवार को वह सॉल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश हुए, जहां उनसे लगभग 11 घंटे तक पूछताछ की गई।
मंगलवार की पूछताछ को मिलाकर पिछले चार दिनों में अभिषेक बनर्जी विभिन्न मामलों में केंद्रीय और राज्य जांच एजेंसियों के समक्ष कुल 31.5 घंटे से अधिक समय तक सवालों का सामना कर चुके हैं।
मंगलवार को पूछताछ के दौरान अभिषेक अकेले ही भवानी भवन पहुंचे थे। भवन में प्रवेश करने के बाद उन्होंने आगंतुक रजिस्टर में हस्ताक्षर किए और जांच अधिकारियों के समक्ष उपस्थित हुए। पूछताछ समाप्त होने के बाद वह शाम को वहां से निकले और कुछ समय बाद कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पहुंचे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ‘डीजे’ टिप्पणी मामले में उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा या नहीं। जांच एजेंसी मामले की आगे की जांच जारी रखे हुए है।
