तृणमूल के पूर्व युवा नेता सौमित्र बनर्जी गिरफ्तार, अदालत ले जाते समय फेके गए अंडे

पश्चिम बर्दवान, 16 जून । तृणमूल कांग्रेस के पूर्व युवा नेता सौमित्र बनर्जी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर तृणमूल शासनकाल के दौरान पुलिस को कथित रूप से धमकी देने, चुनाव के दौरान हिंसा भड़काने, कई वाहनों में तोड़फोड़ करने तथा भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं।

भाजपा की ओर से लंबे समय से उनकी गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। पार्टी नेताओं ने इस संबंध में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। आरोप है कि मतदान के दौरान हुई हिंसक घटनाओं में उनकी सक्रिय भूमिका थी। इन्हीं आरोपों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।

मंगलवार को जब पुलिस सौमित्र बनर्जी को रानीगंज से अदालत ले जा रही थी, तब रास्ते में कुछ लोगों ने उनके खिलाफ विरोध जताते हुए अंडे फेंके। इस घटना के बाद थाना परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।


गिरफ्तारी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने थाना परिसर में प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाकर सफाई अभियान चलाया और इसे भ्रष्टाचार तथा हिंसा की राजनीति के खिलाफ विरोध का प्रतीक बताया। इस दौरान भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी भी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रण में लिया। बाद में थाना परिसर में सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *