
रानीगंज। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रानीगंज भाजपा संगठन के स्तंभ रहे स्वर्गीय अमरनाथ केसरी की स्मृति में आज रानीगंज के राजबाड़ी स्थित पंडित पोखर परिसर में भाजपा रानीगंज मंडल-1 की ओर से एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष शमशेर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ स्वर्गीय अमरनाथ केसरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा उनके योगदान को याद करते हुए किया गया। आयोजन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर संबोधित करते हुए शमशेर सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अमरनाथ केसरी केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि भाजपा के समर्पित और कर्मठ सिपाही थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन को मजबूत करने और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज उन्हें अमरनाथ केसरी की स्मृति में आयोजित इस रक्तदान शिविर में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। शमशेर सिंह ने कहा कि रानीगंज में ऐसे अनगिनत लोग हैं जिन्होंने स्वर्गीय अमरनाथ केसरी से प्रेरित होकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। उनके संघर्ष, समर्पण और संगठन क्षमता ने भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि अमरनाथ केसरी जैसे दूरदर्शी और समर्पित नेताओं के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि भाजपा ने रानीगंज समेत पूरे पश्चिम बंगाल में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की जिस मजबूत नींव पर आज संगठन खड़ा है, उसमें स्वर्गीय अमरनाथ केसरी का योगदान अविस्मरणीय है। उनके जैसे नेताओं के अथक परिश्रम और संघर्ष के कारण ही भाजपा पश्चिम बंगाल में एक सशक्त राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरकर सामने आई और राज्य की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने में सफल हुई। शमशेर सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अमरनाथ केसरी का नाम केवल रानीगंज तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पश्चिम बर्धमान जिले में भाजपा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उनका संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने भी स्वर्गीय अमरनाथ केसरी के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करने तथा समाज सेवा के ऐसे कार्यों को भविष्य में भी जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।
