मानसून से पहले एक्शन मोड में सरकार, जलजमाव और डेंगू रोकथाम को लेकर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने दिए सख्त निर्देश

दुर्गापुर में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, निकासी व्यवस्था मजबूत करने और विद्युत हादसों पर रोक लगाने पर विशेष जोर

दुर्गापुर। आगामी मानसून को देखते हुए राज्य सरकार ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए कमर कस ली है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को दुर्गापुर के सृजनी ऑडिटोरियम में नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पश्चिम बर्दवान, पूर्व बर्दवान, बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, नगर निकायों तथा पंचायत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य फोकस मानसून से पहले जल निकासी तंत्र को प्रभावी बनाना और जलभराव की समस्या पर समय रहते नियंत्रण सुनिश्चित करना था।
मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जलभराव केवल आम जनजीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि डेंगू जैसी बीमारियों के प्रसार और विद्युत दुर्घटनाओं का भी बड़ा कारण बनता है। ऐसे में सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, नालों की नियमित निगरानी और जमा पानी की त्वरित निकासी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर डेंगू नियंत्रण के लिए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान मानसून के समय होने वाले विद्युत हादसों को रोकने पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।
इसके अलावा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और दामोदर नदी से पानी की अवैध निकासी के मामलों पर भी मंत्री ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखने और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने कहा कि जनसुरक्षा और जनस्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को पूरी जवाबदेही, सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। बैठक में दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *