
कोलकाता, 15 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता में हाेने वाले मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। रविवार को रेड रोड पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री के साथ राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मंच साझा करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने रेड रोड को सात दिन के लिए बंद करने का निर्णय लिया है। मंच निर्माण का काम पहले ही शुरू हो चुका है। पुलिस के अनुसार, 15 से 21 जून तक रेड रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय नंद द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि 20 जून की रात दो बजे से एजेसी बोस रोड, मौलाली मोड़ और सेंट जॉर्जेस गेट रोड के रास्ते दक्षिण दिशा की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। योग दिवस कार्यक्रम समाप्त होने तक इन मार्गों पर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
इसके अलावा स्ट्रैंड रोड से राजा उडमंट स्ट्रीट जाने वाले मार्ग तथा सीआर एवेन्यू से दक्षिण की ओर जीसी एवेन्यू जाने वाले मार्ग पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा। जवाहरलाल नेहरू रोड की दोनों लेनों में भी निर्धारित अवधि के दौरान मालवाहक वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 21 जून को कार्यक्रम समाप्त होने तक मेयो रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। हालांकि, योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अधिकृत विशेष स्टिकर लगे वाहन मेयो रोड का उपयोग कर सकेंगे।
20 जून की रात दो बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर की कई अन्य सड़कों पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। इनमें हॉस्पिटल रोड (पूर्व और पश्चिम), लवर्स लेन, कैसुरिना एवेन्यू, खिदिरपुर रोड (घोड़ा पास से जे एंड एन आइलैंड तक), आरआर एवेन्यू, गोष्ठ पाल सरणी, क्वींसवे, पलाशी गेट रोड, डफरिन रोड तथा आउटराम रोड शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे और अगले दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे।
