तृणमूल कांग्रेस ताश के पत्तों की तरह बिखर रही : सुकांत मजूमदार

 


सिलीगुड़ी, 12 जून । केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस “ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है” और पार्टी के भीतर सांसदों के समर्थन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मजूमदार ने कहा कि राज्यसभा के बाद अब लोकसभा के लगभग 20 तृणमूल सांसदों के हस्ताक्षर सामने आने से पार्टी के अंदर असंतोष साफ झलक रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “उधर कितने सांसद हैं यह मत गिनिए, ममता बनर्जी के साथ कितने हैं यह गिनिए—संख्या लगातार कम होती जाएगी।” उनका दावा था कि धीरे-धीरे सभी नेता पार्टी छोड़कर दूसरी ओर चले जाएंगे।

अभिषेक बनर्जी की हालिया अदालत में पेशी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के कारण उन्हें मजबूरी में जाना पड़ा। “जो ‘राजा’ की तरह रहने के आदी थे, उन्हें अब अदालत जाना पड़ रहा है,” उन्होंने कटाक्ष किया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पहले केंद्रीय जांच एजेंसियों सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय के बुलावे को नजरअंदाज किया जाता था।मजूमदार ने पार्टी के भीतर मतभेदों का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि कल्याण बनर्जी जैसे कई वरिष्ठ नेताओं के साथ अभिषेक बनर्जी के संबंध अच्छे नहीं है। उन्होंने कहा, पैराशूट से उतरकर कोई नेता बन जाए, यह पुराने नेता स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस को तय करना चाहिए कि वह कल्याण बनर्जी को रखेगी या अभिषेक बनर्जी को।
उन्होंने यह भी बताया कि वह आज मालदा में एक प्रशासनिक बैठक में शामिल होंगे, जहां से उत्तर बंगाल की राजनीति को लेकर और बयान दे सकते है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *