
रानीगंज। सामाजिक दायित्व और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए रानीगंज के साहेब बांधपाड़ा स्थित क्रिस्टो ओ कोल्लोल क्लब मे प्रेस क्लब ऑफ शिल्पांचल के द्वारा शुभोदर्शनी अस्पताल के सहयोग से एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। क्लब परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रेस क्लब ऑफ शिल्पांचल और क्रिस्टो ओ कोल्लोल क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वास्थ्य शिविर में सामान्य रोग विशेषज्ञों के साथ-साथ हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्रदान की। शिविर के दौरान रक्त शर्करा (ब्लड शुगर), रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), रक्त समूह (ब्लड ग्रुप) परीक्षण, ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गईं। शिविर में लगभग 150 लोगों ने अपनी जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।चिकित्सकों ने जिन मरीजों में गंभीर अथवा जटिल स्वास्थ्य समस्याओं की संभावना पाई, उन्हें आगे के उपचार के लिए शुभोदर्शनी अस्पताल में संपर्क करने की सलाह दी। अस्पताल की ओर से बताया गया कि हेल्थ कार्ड, स्वास्थ्य साथी एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर उपचार मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में निजी चिकित्सा सेवाओं की बढ़ती लागत के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए उपचार कराना कठिन होता जा रहा है। ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों को समय पर जांच और उपचार का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के माध्यम से कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल पाता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रानीगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुबीर कर्मकार उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं और सामाजिक संस्थाओं को आगे आकर ऐसे प्रयास लगातार करते रहना चाहिए। वही
शिविर में शुभोदर्शनी अस्पताल की चिकित्सक डॉ. श्रेया भट्टाचार्य, आईसीयू टेक्नोलॉजिस्ट रूमा बेहरा, ट्रेनी टेक्नीशियन शमा परवीन एवं राजनंदिनी पासवान सहित अस्पताल के अधिकारी अभिजीत बनर्जी, अनूप राय, कौशिक गोराई तथा क्रिस्टी ओ कोल्लोल क्लब के पदाधिकारी एवं प्रेस क्लब ऑफ शिल्पांचल के सदस्य उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य जांच शिविर के सफल आयोजन से स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।
