रानीगंज मे टीएमसी नेता विनोद नोनिया की गिरफ्तारी की मांग पर भाजपा का सड़क जाम, संगठन के भीतर ही उभरे मतभेद

रानीगंज। तृणमूल कांग्रेस नेता एवं रानीगंज पंचायत समिति के पूर्व सभापति विनोद नोनिया की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सड़क अवरोध कार्यक्रम के दौरान पार्टी के भीतर ही मतभेद खुलकर सामने आ गए। चापुई-रोटीबाटी मुख्य मार्ग पर हुए इस प्रदर्शन ने जहां कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया, वहीं भाजपा के दो गुटों के बीच सार्वजनिक रूप से असहमति भी देखने को मिली।जानकारी के अनुसार, भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने चुनाव बाद हिंसा के एक मामले में आरोपी बताए जा रहे तृणमूल कांग्रेस नेता विनोद नोनिया की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चापुई-रोटीबाटी मार्ग को अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गंभीर आरोपों के बावजूद संबंधित नेता अब तक गिरफ्तारी से बच रहे हैं और प्रशासन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है। हालांकि, सड़क जाम के दौरान भाजपा के ही एक अन्य धड़े ने इस आंदोलन पर सवाल खड़े कर दिए। भाजपा के जामुड़िया मंडल-3 के सचिव राजू बाध्यकर ने सड़क अवरोध का विरोध करते हुए कहा कि उनकी पार्टी भी आरोपी नेता की गिरफ्तारी चाहती है, लेकिन बिना संगठनात्मक अनुमति और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के सड़क जाम कर आम लोगों को परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नाम पर कोई भी व्यक्ति मनमाने ढंग से आंदोलन नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने और स्वयं को सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम कर रहे हैं। राजू बाध्यकर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग आज सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं, उनमें से कई चुनाव से पहले पार्टी गतिविधियों में सक्रिय नहीं थे। सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों सहित आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़क से अवरोध हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। एक ओर भाजपा कार्यकर्ता तृणमूल नेता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी के भीतर आंदोलन की शैली और संगठनात्मक अनुशासन को लेकर सामने आए मतभेदों ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *