
दुर्गापुर। दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय राजनीतिक माहौल गर्म हो गया, जब गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेता सुकुमार दत्त को अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए अंडे फेंके, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, सुकुमार दत्त को न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने भ्रष्टाचार, रंगदारी वसूली (तोलाबाजी) और क्षेत्र में आतंक का माहौल बनाने जैसे गंभीर आरोपों के आधार पर गिरफ्तार किया था। गुरुवार को पुलिस उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत दुर्गापुर सब-डिवीजनल कोर्ट में पेश करने के लिए थाने से लेकर जा रही थी। बताया जाता है कि सुकुमार दत्त की पेशी की सूचना पहले से ही भाजपा कार्यकर्ताओं को मिल गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अदालत मार्ग और थाना परिसर के आसपास एकत्र हो गए। जैसे ही पुलिस वाहन सुकुमार दत्त को लेकर वहां से निकला, भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और उनकी गिरफ्तारी को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने सुकुमार दत्त को निशाना बनाकर अंडे फेंके। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए सुरक्षा घेरा मजबूत किया और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए। न्यू टाउनशिप थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों को स्थिति नियंत्रित करने तथा आरोपी नेता को सुरक्षित अदालत तक पहुंचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस की सतर्कता के चलते कोई बड़ी घटना नहीं हुई और सुकुमार दत्त को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया गया। घटना के बाद दुर्गापुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सुकुमार दत्त के खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और लोगों को भयभीत करने जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस गिरफ्तारी और विरोध प्रदर्शन के बाद दुर्गापुर की राजनीति में आने वाले दिनों में और अधिक हलचल देखने को मिल सकती है। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है।
