पूर्व पार्षद संजय नोनिया पर भाजपा कार्यकर्ता और उसके परिवार पर हमले का आरोप

पश्चिम बर्दवान, 11 जून । नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप मे 12 साल पूरे होने के मौके पर कुल्टी विधानसभा के मंडल-4 अंतर्गत धेमोमेन शिव मंदिर न्यू क्वार्टर के समीप बुधवार रात भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शांतिपूर्ण समापन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना सामने आई।
भाजपा कार्यकर्ता बिरजू यादव ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं भव्य तरीके से संपन्न हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तृणमूल के पूर्व नेता एवं आसनसोल नगर निगम के पूर्व पार्षद संजय नोनिया, उनके पिता रोहित नोनिया, बलबीर नोनिया, राहुल नोनिया, मनोज नोनिया तथा 20 से 25 अन्य लोगों ने उन पर और उनके परिजनों पर हमला कर दिया।

बिरजू यादव के अनुसार, हमलावरों ने उनसे पूछा कि वे भाजपा का कार्यक्रम किसकी अनुमति से कर रहे हैं और क्यों कर रहे हैं, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।
घटना में बिरजू यादव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। रोहित नोनिया के रेलवे साइडिंग पर लोगों के जमावड़े को देखते हुए पुलिस ने साइडिंग पर काम बंद करवा दिया।
इसके बाद इलाके के कुछ महिलाओं ने इसके विरोध में प्रदर्शन करना शुरू किया लेकिन पुलिस के चेतावनी के बाद महिलाएं वापस अपने घरों को चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *