कोलकाता । पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के एक पूर्व पार्षद को नगर पालिका के जल निकासी में बाधा डालने से रोकने पर उनके ही वार्ड में बांस के डंडों से पीटा गया। बम से भी हमले किए गए हैं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना बीरभूम के रामपुरहाट नगर पालिका के वार्ड नंबर चार की है। पुलिस ने मंगलवार तड़के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तृणमूल के पूर्व पार्षद अब्बास हुसैन ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड का एक निवासी नगर निगम का नाला जाम करने की कोशिश कर रहा था जिसे उन्होंने रोक दिया था। उन्होंने नगर निगम में भी इसकी शिकायत की थी। उसके बाद बीती रात घर लौटते समय उस व्यक्ति ने तृणमूल नेता के साथ मारपीट की। आरोप है कि भागते समय तृणमूल नेता पर दो बम भी फेंके गए। पुलिस जांच कर रही है।