
जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत-डॉ बिजन मुखर्जी
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के शांति नगर स्थित एक नंबर वार्ड में भाजपा की ओर से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नव-निर्वाचित भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को क्षेत्र के लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उन्हें विभिन्न स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मान व्यक्त किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा नेता विश्वजीत मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता निरंजन सिंह, राणा बनर्जी, विश्वजीत मिश्रा, अनुभव मिश्रा, देबू मोदी, रवि साव, सूरज मोदी, कंचन मोदी, राजू वर्मा, राजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने क्षेत्र के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने उनका फूल-मालाओं और उपहारों के साथ स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि इस सम्मान समारोह में उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत खुशी और गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और अभिभावकों द्वारा दिए गए स्नेह एवं सम्मान ने उन्हें जनता की सेवा के प्रति और अधिक समर्पित होने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि जनता का आशीर्वाद और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और उसी के बल पर वह क्षेत्र के विकास के नए आयाम स्थापित करने का प्रयास करेंगे।डॉ. मुखर्जी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि जामुड़िया की जनता द्वारा भाजपा और विकास की राजनीति पर जताए गए विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे। वहीं समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता निरंजन सिंह ने कहा कि वर्ष 2026 का विधानसभा चुनाव जामुड़िया के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी का विधायक निर्वाचित हुआ है, जिसका पूरा श्रेय यहां की जागरूक जनता को जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने डॉ. बिजन मुखर्जी को भरपूर समर्थन और सहयोग दिया, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा को ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई। निरंजन सिंह ने दावा किया कि अब केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होगा। समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का समापन जनसंपर्क और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।
