अपराधियों में भय पैदा करने के लिए पुलिस का अनोखा कदम, आरोपियों को रस्सी बांधकर पुलिस ने कराया पैदल मार्च,पुलिस ने दिया सख्त संदेश

आसनसोल। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत हीरापुर थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में गुरुवार को एक सख्त एवं अनोखा  कार्रवाई की। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों के मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार दो युवकों को अदालत में पेश करने से पहले सार्वजनिक रूप से पैदल मार्च कराया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों की कमर में रस्सी बांधकर उन्हें हीरापुर थाना से बर्नपुर बस स्टैंड तक पैदल ले जाया। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई तथा पूरे इलाके में इस कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चा होती रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवक भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस स्टैंडों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने की घटनाओं में कथित रूप से संलिप्त थे। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी, जिसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। हीरापुर थाना पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय उत्पन्न करना तथा आम नागरिकों को यह संदेश देना है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि ऐसे कदमों से अपराधियों का मनोबल टूटता है और समाज में कानून के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कड़ी और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना।पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके। पुलिस ने दोहराया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *