जामुड़िया के बोगरा मे निजी स्कूल में चोरी की घटना से इलाके मे हड़कंप,सीसीटीवी में कैद होने के डर से हार्ड डिस्क व मॉनिटर लेकर फरार हुए बदमाश

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के बोगरा गांव स्थित एक निजी प्राथमिक विद्यालय में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश विद्यालय की खिड़की का लोहे का ग्रिल काटकर परिसर में प्रवेश कर गए और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की हार्ड डिस्क तथा मॉनिटर चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता एवं असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 32 के बोगरा क्षेत्र स्थित उक्त विद्यालय में मंगलवार देर रात लगभग एक बजे से दो बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने सुनियोजित तरीके से विद्यालय की एक खिड़की का ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने कार्यालय कक्ष में रखी दो अलमारियों की भी तलाशी ली और वहां रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया।विद्यालय के शिक्षक बरुण घोष ने बताया कि बुधवार सुबह जब वह विद्यालय पहुंचे और कार्यालय का ताला खोलकर अंदर गए, तो देखा कि सीसीटीवी प्रणाली की हार्ड डिस्क और मॉनिटर अपनी जगह पर नहीं हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान विद्यालय की एक खिड़की का ग्रिल कटा हुआ पाया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि चोर उसी रास्ते से विद्यालय के भीतर घुसे थे। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से गांव में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। संभव है कि उसी गिरोह ने इस घटना को भी अंजाम दिया हो। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना अंतर्गत श्रीपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे आसपास की गतिविधियों को भी रिकॉर्ड करते थे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों की कुछ गतिविधियां कैमरों में कैद हो गई होंगी। इसी कारण पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से चोर सीसीटीवी की हार्ड डिस्क और मॉनिटर अपने साथ ले गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *