
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सेंट्रल सातग्राम वार्ड संख्या-9 में विद्युत ट्रांसफॉर्मर में हुए अचानक विस्फोट के बाद पूरे क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया है। ट्रांसफॉर्मर के पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण पिछले कई दिनों से इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित है, जिससे भीषण गर्मी के बीच स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों द्वारा समस्या की जानकारी दिए जाने पर जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी तत्काल प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाके का निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। लोगों ने विधायक को बताया कि लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों तथा बच्चों की पढ़ाई सहित कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. मुखर्जी ने तत्काल संबंधित विद्युत विभाग एवं प्रबंधन अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने सातग्राम के महाप्रबंधक (जीएम) से भी विस्तृत चर्चा कर क्षेत्र में जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान विधायक ने बताया कि अधिकारियों से हुई बातचीत के बाद उन्हें आश्वासन मिला है कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर शीघ्र ही एक वैकल्पिक ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में सामान्य विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का बाधित होना आम लोगों के लिए गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। विधायक ने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना, उनके बीच पहुंचना और प्रशासन के सहयोग से उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों की प्रमुख जिम्मेदारी है.उन्होंने क्षेत्रवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि विद्युत आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए हैं ताकि मरम्मत एवं वैकल्पिक व्यवस्था का कार्य शीघ्र पूरा किया जा सके। वहीं स्थानीय लोगों ने विधायक के त्वरित हस्तक्षेप की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन और विद्युत विभाग की पहल से जल्द ही बिजली व्यवस्था सामान्य हो जाएगी तथा भीषण गर्मी के बीच उन्हें राहत मिलेगी।
