
विधायक जितेन्द्र तिवारी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने का दिया निर्देश
पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीतेन्द्र तिवारी ने गुरुवार को दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक कार्यालय में पंचायतों के विकास कार्यों एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक बीडीओ की उपस्थिति में आयोजित की गई, जिसमें ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पंचायतों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा प्रशासनिक कर्मचारी शामिल हुए।बैठक के दौरान पंचायत स्तर पर चल रही विभिन्न विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों तथा जनकल्याणकारी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। विधायक जितेन्द्र तिवारी ने अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सक्रियता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, आवास योजनाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और क्षेत्र के समग्र विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बेहतर तालमेल आवश्यक है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा सरकारी संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए।बैठक के दौरान ब्लॉक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा पंचायतों में चल रहे कार्यों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने भी स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े कई मुद्दों को बैठक में उठाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक स्तर पर काफी सक्रियता देखी गई। पंचायतों के विकास कार्यों को अधिक प्रभावी और तेज गति से आगे बढ़ाने को लेकर बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
